‘ज्ञान बिंदु’ के डायरेक्टर रौशन आनंद को जमानत देने से बिहार कोर्ट का इनकार, खान सर की गिरफ्तारी पर रोक: पटना के कोचिंग विवाद में फायरिंग से जुड़ा मामला

पटना के चर्चित कोचिंग विवाद और फायरिंग मामले में ज्ञान बिंदु के निदेशक रौशन आनंद को बड़ा झटका लगा है। कोर्ट ने उनकी जमानत याचिका को पूरी तरह खारिज कर दिया है। रौशन आनंद को पुलिस ने पहले ही गिरफ्तार कर लिया था।

अब उनकी रिहाई की माँग को लेकर छात्र पटना की सड़कों पर आक्रोश मार्च निकालने की तैयारी कर रहे हैं। दूसरी तरफ, इसी मामले में खान ग्लोबल स्टडीज के संचालक खान सर को कोर्ट से बड़ी राहत मिली है। अदालत ने खान सर की अग्रिम जमानत याचिका पर सुनवाई करते हुए उनकी गिरफ्तारी पर रोक लगा दी है।

यह पूरा मामला 2 जून की रात का है। मुसल्लहपुर हाट स्थित खान सर की अकादमी के बाहर जमकर हिंसा और फायरिंग हुई थी। इसके बाद दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगाए थे। फिलहाल, कोर्ट के आदेश के बाद खान सर को राहत मिल गई है, जबकि रौशन आनंद जेल में ही रहेंगे।