‘फरमान-जहाँगीर ने पत्रकार सुधीर सैनी को मार गड्ढे में फेंका’: सहारनपुर पुलिस ने किया गिरफ्तार, तीसरे आरोपित मन्नान की तलाश तेज

सहारनपुर में पत्रकार सुधीर की हत्या में 2 आरोपित गिरफ्तार (चित्र साभार - सहारनपुर पुलिस)

उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh) के सहारनपुर (Saharanpur) जिले में 26 जनवरी (बुधवार) को पत्रकार सुधीर सैनी की हत्या कर दी गई है। सुधीर ‘शाह टाइम्स’ में संवाददाता थे। हत्या का आरोप जहाँगीर, फरमान और मन्नान पर है। पुलिस ने जहाँगीर और फरमान को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि मन्नान फरार है। घटना में प्रयोग की गई ऑल्टो कार भी बरामद कर ली गई है।

तीनों आरोपितों पर धारा 302 के तहत केस दर्ज किया गया है। इस घटना की जानकारी देते हुए सहारनपुर के SSP आकाश तोमर ने बताया, “थाना कोतवाली देहात के चिलकाना रोड पर चिकालना के रहने वाले सुधीर नामक व्यक्ति अपनी मोटरसाइकिल से सहारनपुर की तरफ आ रहे थे। उनके साथ आ रही एक ऑल्टो कार में 3 व्यक्ति सवार थे। ओवरटेक को लेकर इनका आपस में झगड़ा हुआ। कार सवार व्यक्तियों ने सुधीर के साथ मारपीट की। मारपीट के दौरान सुधीर को आई चोटों से उनकी मृत्यु हो गई। इसके बाद कार सवार फरार हो गए। चश्मदीदों ने कार का नंबर बताया, जिसके आधार पर उसकी पहचान करते हुए कार सहित 2 अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया गया है। अन्य कानूनी कार्रवाई की जा रही है।”

घटना की शिकायत मृतक सुधीर के पिता तेलूराम ने दर्ज करवाई है। सहारनपुर के एसएसपी IPS आकाश तोमर ने इसे रोड रेज की घटना बताया है। ऑपइंडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि फरार तीसरे आरोपित मन्नान को भी जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। साथ ही कठोर कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मीडिया सलाहकार शलभमणि त्रिपाठी ने पकड़े गए आरोपितों की लॉकअप की वीडियो शेयर करते हुए ट्वीट किया, “बीच राह पत्रकार सुधीर सैनी को पीट कर मार डालने वाले ज़हाँगीर व फ़रमान को गिरफ्तार कर लिया गया। मन्नान की तलाश जारी है। महज ओवरटेकिंग के विवाद पर इन जल्लादों ने सहारनपुर में पत्रकार सुधीर सैनी को मार दिया। लाश को गड्डे में फेंक भाग गए। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर इन्हें धर दबोचा।”

ऑपइंडिया स्टाफ़: कार्यालय संवाददाता, ऑपइंडिया