Thursday, December 26, 2024

Fengal चक्रवाती तूफान से अब तक 12 मौतें, लैंडस्लाइड के कारण मारे गए एक ही परिवार के 7 लोग: तमिलनाडु में भारी तबाही, CM स्टालिन ने माँगी मदद

तमिलनाडु में साइक्लोन फेंगल (Cyclone Fengal) ने ऐसा कहर बरपाया है कि 14 जिलों में लाखों परिवार बर्बादी का सामना कर रहे हैं। तमिलनाडु में 12 लोगों की मौत हो चुकी है, जिसमें एक ही परिवार के 7 लोगों की मौत हो गई। लाखों करोड़ का नुकसान हुई है। हजारों स्कूल, सैकड़ों अस्पताल बर्बाद हो गए हैं।

मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर राष्ट्रीय आपदा राहत कोष से ₹2,000 करोड़ की सहायता माँगी है। उन्होंने बताया कि चक्रवात ने 12 लोगों की जान ले ली, 2,416 झोपड़ियाँ और 721 मकान ढहा दिए, 963 मवेशी मारे गए और 2 लाख हेक्टेयर से अधिक कृषि भूमि डूब गई। 9,576 किमी सड़कें, 23,664 बिजली के खंभे, 5,936 स्कूल और 205 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भी तबाह हो गए।

जिंदा दफन हो गए परिवार के 7 लोग

इस भीषण चक्रवात की वजह से तिरुवन्नमलाई के अन्नामलैयार पहाड़ी इलाके में रविवार (1 नवंबर 2024) को भूस्खलन हुआ, जिसमें एक ही परिवार के 7 लोग जिंदा दफन हो गए। एक महिला, उसका पति और उनके पाँच मासूम बच्चों की दर्दनाक मौत ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। सोमवार (2 नवंबर 2024) को इसी इलाके में दूसरा भूस्खलन हुआ, जिससे बचाव कार्य और मुश्किल हो गया। तिरुवन्नमलाई में पीड़ित परिवार के प्रति सहानुभूति जताते हुए मुख्यमंत्री ने इसे राज्य के लिए ‘अभूतपूर्व आपदा’ करार दिया।