Wednesday, May 14, 2025

पहलगाम हमले के बाद भारत सख्त, 272 पाकिस्तानियों ने देश छोड़ा: पाक के 107 नागरिकों के लापता होने की खबर को CM फडणवीस ने बताया अफवाह

जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में आतंकी हमले के बाद भारत ने सख्त रुख अख्तियार कर लिया है। पाकिस्तानियों के सारे वीसा कैंसिल कर दिए गए हैं। यहाँ तक कि मेडिकल वीसा भी। भारत सरकार ने इन लोगों से देश छोड़ने का आदेश दिया है। इस बीच 272 पाकिस्तानियों ने देश छोड़ दिया है। वहीं, पाकिस्तान से भी 629 भारतीय नागरिक वापस लौटे हैं। उधर, महाराष्ट्र से 107 पाकिस्तानी लापता हो गए हैं।

महाराष्ट्र में कुल 5,050 पाकिस्तानी रह रहे थे। इनमें से अधिकांश लंबी अवधि के वीसा वाले हैं। वहीं, शॉर्ट टर्म वीसा वाले 1,000 पाकिस्तानी थे। राज्य के मंत्री योगेश कदम ने शनिवार (26 अप्रैल) को बताया कि शॉर्ट टर्म वीसा वालों को वापस लौटने के लिए कह दिया गया है। इस बीच 107 पाकिस्तानी लापता हो गए हैं। हालाँकि, सीएम देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि कोई लापता नहीं है। सभी पाकिस्तानियों का पता लगा लिया गया है।