Wednesday, May 14, 2025

88 वर्ष की उम्र में पोप फ्रांसिस का निधन, कई दिनों से व्हीलचेयर पर थे: 12 वर्षों तक किया चर्च का नेतृत्व, कई गंभीर बीमारियों से से पीड़ित

कैथोलिक ईसाई पोप फ्रांसिस का 88 वर्ष की उम्र में निधन हो गया है। जिसकी जानकारी वेटिकन ने सोमवार को एक वीडियो जरिए दी। पोप फ्रांसिस हाल ही में रोम के जेमेली अस्पताल में भर्ती थे, उन्होंने लगभग 12 वर्षों तक चर्च का नेतृत्व किया और इस दौरान उन्होंने कई गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं का सामना भी किया। वो पोप के पद पर पहुँचने वाले पहले लैटिन-अमेरिकी थे।

वेटिकन के टेलीग्राम चैनल पर जारी एक भावुक संदेश में कार्डिनल केविन फैरेल ने बताया कि सोमवार सुबह 7:35 बजे रोम के बिशप, फ्रांसिस प्रभु के चरणों में चले गए। कार्डिनल फैरेल ने कासा सांता मार्ता में आयोजित एक विशेष सभा में कहा, “प्रिय भाइयों और बहनों, बहुत दुःख के साथ मैं आपसे हमारे पवित्र पिता फ्रांसिस के निधन की खबर साझा कर रहा हूँ।”

उन्होंने कहा कि पोप फ्रांसिस का संपूर्ण जीवन प्रभु और चर्च की सेवा में समर्पित रहा। वे हमेशा गरीबों, वंचितों और समाज के हाशिए पर जी रहे लोगों के प्रति सहानुभूति और प्रेम का प्रतीक बने रहे। उन्होंने कहा कि उनके निधन से विश्वभर के ईसाई समुदाय में शोक की लहर है। पोप फ्रांसिस 266वें पोप थे।