मुंबई में सितम्बर माह में एक अकाउंटेंट ने रेप का आरोप लगने के बाद आत्महत्या कर ली थी। मृतक संदीप कुमार पासवान झारखंड का रहने वाला था। संदीप पर यह आरोप उसकी गर्लफ्रेंड ने ही लगाए थे। गर्लफ्रेंड ने उससे ₹12.5 लाख उधार लिए थे। इसमें से उसने मात्र ₹7 लाख लौटाए और जब संदीप ने बाकी पैसों की माँग की तो उस पर रेप का मुकदमा दर्ज करवा दिया।
अब इस मामले में संदीप के भाई ने महिला और उसके परिजनों पर धोखाधड़ी समेत कई धाराओं में मामला दर्ज करवाया है। संदीप पासवान मुंबई के भांडुप में एक एकाउंटिंग फर्म में काम करता था और कुछ समय पहले इस महिला से मिला था।
इसके बाद दोनों प्रेम संबंध में आ गए। महिला ने इसी दौरान उससे यह धनराशि उधार ले ली। जब दोनों के रास्ते अलग हुए तो संदीप ने पैसे वापस माँगे लेकिन महिला ने मात्र ₹7 लाख लौटाए और रेप का मुकदमा कर दिया। संदीप कुमार पासवान इस मुकदमे के चलते अवसाद में आ गया और उसने 18 सितम्बर, 2024 को आत्महत्या कर ली।