पाकिस्तान के कब्जे वाले बलूचिस्तान में ‘अज्ञात’ हमलावरों ने बड़े इस्लामी नेता को मौत के घाट उतार दिया। ये हमला रविवार (16 मार्च 2025) की रात क्वेटा एयरपोर्ट रोड पर हुआ, जिसमें जमीयत उलेमा-ए-इस्लाम (JUI) के वरिष्ठ नेता मुफ्ती अब्दुल बकी नूरजई की हत्या कर दी गई। अज्ञात हमलावरों ने उन पर ताबड़तोड़ गोलियाँ चलाईं। गंभीर हालत में नूरजई को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
मुफ्ती अब्दुल बकी को JUI के बड़े नेताओं में माना जाता था। हमले के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। पुलिस और सुरक्षाबलों ने जाँच शुरू कर दी है और हमलावरों को पकड़ने के लिए ऑपरेशन चलाया जा रहा है। प्रशासन ने भरोसा दिया है कि जल्द ही दोषियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
बता दें कि एक दिन पहले ही लश्कर-ए-तैयबा के आतंकी अबु कताल की भी हत्या हुई थी, जो हाफिज सईद का करीबी था। उस पर पंजाब के झेलम में अज्ञात बंदूकधारियों ने हमला किया था। वो भारत में हुए कई आतंकी हमलों का मास्टरमाइंड था।