संभल की विवादित शाही मस्जिद में रंगाई-पुताई भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (ASI) करवाएगी। इसका खर्च मस्जिद की कमेटी वहन करेगी। मस्जिद कमेटी को यह खर्च एक सप्ताह के भीतर ASI को देना होगा। ASI वहीं पुताई करवाएगी, जहाँ इसकी जरूरत है।
पुताई का यह आदेश इलाहाबाद हाई कोर्ट ने दिया है। इलाहाबाद हाई कोर्ट में मस्जिद कमेटी ने पुताई के लिए याचिका डाली थी। ASI ने पहले इसका विरोध किया था। ASI ने हाई कोर्ट को बताया कि मस्जिद के बाहर कई जगह धब्बे हैं और इसकी पुताई में लंबा समय लगेगा।
वहीं मस्जिद कमेटी ने कहा कि पुताई उन्हें खुद ही करवाने दी जाए। हालाँकि, कोर्ट ने मस्जिद कमेटी की बात मानने से इनकार कर दिया है। संभल की शाही जामा मस्जिद को लेकर वर्तमान में विवाद चल रहा है। हिन्दू पक्ष ने इस मामले में एक मुकदमा डाला हुआ है और यहाँ पूजा करने की माँग की है। उन्होंने इसे हरिहर मंदिर बताया है।