अभिनेता अल्लू अर्जुन को हैदराबाद की एक अदालत ने 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजने के बाद उनके वकीलों ने हाई कोर्ट का रुख किया, जहाँ से उन्हें 4 सप्ताह की अंतरिम जमानत मिल गई है। अल्लू अर्जुन को शुक्रवार (13 दिसम्बर, 2024) को पुलिस ने गिरफ्तार किया था। अल्लू अर्जुन की गिरफ्तारी हैदराबाद के एक थिएटर में भगदड़ और मौत के मामले में हुई थी, जब वो अपनी फिल्म देखने पहुँचे थे।
इस भगदड़ में एक महिला की मौत हो गई थी जबकि उसका बेटा अब भी अस्पताल में भर्ती है। अल्लू अर्जुन के खिलाफ दर्ज की गई FIR को रद्द करवाने के लिए हाई कोर्ट में याचिका भी डाली गई है। वहीं इस बीच मृतका के परिवार ने कहा है कि वह केस वापस लेने को तैयार हैं। वहीं, हाई कोर्ट ने उन्हें 4 सप्ताह की अंतरिम जमानत दे दी है। हालाँकि उन्हें एक रात जेल में ही बितानी पड़ेगी।
इस बीच विपक्षी पार्टियों ने रेवंत रेड्डी की सरकार को लताड़ा है। विपक्ष ने भगदड़ को कॉन्ग्रेस सरकार की विफलता बताया है। केन्द्रीय मंत्री बंडी संजय कुमार ने कहा है कि अभिनेता अल्लू अर्जुन को बिना कपड़े बदलने का समय गिरफ्तार किया जाना शर्मनाक है।