Tuesday, April 22, 2025

अमृतसर में मंदिर पर ग्रेनेड फेंकने वाले आतंकी का एनकाउंटर, पंजाब पुलिस ने मार गिराया: साथी फरार, 2 जवानों को भी लगी गोली

पंजाब पुलिस ने सोमवार (17 मार्च, 2025) को एक आतंकी का एनकाउंटर कर दिया। वह अमृतसर में ठाकुरद्वारा मंदिर पर हमला करने का आरोपित था। उसका एक साथी एनकाउंटर वाली जगह से फरार होने में सफल हो गया। उसकी तलाश जारी है।

मारे गए आतंकी का नाम गुरसिदक सिंह था। उसके बारे में पुलिस को सूचना मिली थी। पुलिस ने उसे एयरपोर्ट रोड पर आते हुए घेर लिया था। इसी बीच उसने फायरिंग कर दी। इस फायरिंग में 2 पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए। 

एक को हाथ पर गोली लगी जबकि दूसरे पुलिसकर्मी की पगड़ी में गोली धंस गई। पुलिस ने इस हमले के जवाब में फायरिंग की। इस फायरिंग में गुरसिदक सिंह घायल हो गया। पुलिसकर्मियों ने उसे अस्पताल पहुँचाया लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। 

उसका साथी इस बीच भागने में कामयाब रहा। पुलिस को मौके से एक बाइक और हथियार मिले हैं। इन आरोपितों ने होली (14 मार्च, 2025) को रात में 12 बजे अमृतसर में ठाकुरद्वारा मंदिर पर ग्रेनेड फेंका था। हालाँकि, इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ था।