बिहार के नए राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान ने गुरुवार (02 जनवरी 2024) को पटना में ईश्वर की शपथ लेकर अपना पदभार संभाला। उन्होंने हिंदी में शपथ लेते हुए कहा, “मैं, आरिफ मोहम्मद खान, ईश्वर की शपथ लेता हूँ कि संविधान और विधि का संरक्षण करूँगा तथा बिहार की जनता की सेवा और कल्याण में निरत रहूँगा।”
इस अवसर पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, उपमुख्यमंत्री, और अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित थे। शपथ ग्रहण के बाद आरिफ मोहम्मद खान ने बिहार की जनता की प्रशंसा करते हुए कहा कि देश की व्यवस्था को बिहार के लोग चला रहे हैं और यहां की जनता में राज्य को आगे ले जाने की अपार क्षमता है।
आरिफ मोहम्मद खान इससे पहले केरल के राज्यपाल थे। वे उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले के निवासी हैं और अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय से अपनी शिक्षा पूरी की। 24 दिसंबर को केंद्र सरकार द्वारा राज्यपालों के बदलाव के बाद उन्हें बिहार का राज्यपाल नियुक्त किया गया।
इसके साथ ही बिहार को 26 साल बाद मुस्लिम राज्यपाल मिला है। आरिफ से पहले एआर किदवई 14 अगस्त 1993 से 26 अप्रैल 1998 तक बिहार के राज्यपाल रहे थे।