छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में नक्सलियों की लगाई एक IED फट गई। इसकी चपेट में आकर सोमवार (9 जून 2025) अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आकाश राव गिरीपुंजे गंभीर रूप से घायल हो गए। उनकी इलाज के दौरान मौत हो गई है। इस हमले में कई अन्य पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं।
घटना सोमवार की सुबह सुकमा जिले के डोंडरा गाँव के पास हुई। हमले के दौरान ASP आकाश राव गिरीपुंजे और अन्य पुलिसकर्मी पैदल गश्त पर थे। जानकारी के अनुसार 10 जून 2025 को भारत बंद के आह्वान के मद्देनजर क्षेत्र में नक्सली घटनाओं को रोकने के उद्देश्य से ये गश्त की जा रही थी।
इसी दौरान यह IED फट गई। इसकी चपेट में ASP आकाश समेत कई लोग आ गए। हमले के बाद सभी घायलों को कोंटा अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद से क्षेत्र में सर्चिंग अभियान और तेज कर दिया गया है।