असम में छोटी उम्र में बच्चियों से शादी करने वालों पर हिमंता बिस्वा सरकार ने कार्रवाई फिर तेज कर दी है। हिमंता सरकार ने 21-22 दिसम्बर, 2024 को विशेष अभियान चला कर ‘बाल निकाह’ करने वालों को पकड़ा है। इस अभियान में 431 की गिरफ्तारी हुई है। यह अभियान पूरे असम में चलाया गया।
असम के ADGP ने मुन्ना लाल गुप्ता ने बताया कि इस अभियान के तहत 345 केस दर्ज किए गए हैं। सबसे अधिक गिरफ्तारियाँ धुबरी जिले में हुई हैं। यहाँ 68 लोग जबकि बारपेटा में 52 लोग पकड़े गए हैं। पुलिस ने बाल निकाह करने वाले शौहरों, परिजनों और 2 काजियों को भी गिरफ्तार किया है।
मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने इस कार्रवाई पर कहा है कि वह राज्य को 2026 तक इस समस्या से पूरी तरह निजात दिलाना चाहते हैं। उन्होंने बताया कि अब तक 2000 से अधिक लोग गिरफ्तार हो चुके हैं और इस मामले में लगातार कार्रवाई चल रही है। उन्होंने कहा है कि राज्य में मुस्लिम बालिकाओं को सशक्त बनाने के लिए योजनाएँ भी चल रही हैं।