Thursday, January 9, 2025

असम में छापा मारने निकले पुलिसकर्मी, गूगल मैप ने पहुँचा दिया नागालैंड: लोगों ने अपराधी समझ रात भर बाँध कर रखा, पीटा भी

असम के जोरहाट में छापेमारी पर जा रही एक पुलिस टीम धोखे से नागालैंड पहुँच गई। यह गड़बड़ी गूगल मैप के चलते हुई। गूगल मैप ने पुलिस को दिखाया कि वह असम में जा रहे हैं लेकिन असल में वह नागालैंड के एक चाय बागान में पहुँच गए। इसके चलते उन्हें स्थानीयों ने अपराधी समझ कर पकड़ लिया।

यह घटना मंगलवार (7 जनवरी, 2024) को रात में हुई। पुलिस की यह टीम एक मामले में आरोपित एक शख्स को पकड़ने जा रही थी। स्थानीयों ने उन पर हमला किया जिसमें एक पुलिसकर्मी घायल भी हुआ। 16 सदस्यों वाली यह पुलिस टीम रात भर बंधक बनी रही।

इसके बाद जब सुबह नागालैंड के अधिकारी पहुँचे तो इन्हें छोड़ा गया। पुलिस टीम में अधिकांश लोग सादे कपड़े पहने हुए थे और हथियारबंद थे, जिसके चलते और भी गड़बड़ हुई।