Friday, May 23, 2025

1121 वेदाचार्यों ने की सरयू आरती, तट 25 लाख+ दीयों से जगमगाया: अयोध्या के दीपोत्सव में बने 2 नए गिनीज रिकॉर्ड

अयोध्या में 30 अक्टूबर 2024 को सरयू नदी के तट पर आयोजित आठवें दीपोत्सव के अवसर पर दो नए गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बने। एक साथ सबसे अधिक लोगों द्वारा सरयू आरती करने का और दूसरा सबसे अधिक दीयों को जलाने का।

500 वर्ष बाद भगवान राम के अयोध्या में आगमन में बाद चूँकि यह दीवाली है इसलिए इसे खास बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ी गई। इस विशेष अवसर पर 1,121 वेदाचार्यों ने एक साथ सरयू नदी की आरती की, जबकि कुल 25,12,585 मिट्टी के दीये जलाए गए।

यह संख्या पहले के रिकॉर्ड से काफी अधिक है। पिछली बार दीपोत्सव पर 22,23,676 दीयों को जलाकर रिकॉर्ड बनाया गया था। गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स के निर्णायक प्रवीण पटेल ने इन नए रिकॉर्डों की पुष्टि की और कहा कि यह एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।

रिकॉर्ड दर्ज कराने के लिए ड्रोन तकनीक का उपयोग करके दीयों की संख्या की गणना की। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस अवसर पर सरयू माता की पूजा-अर्चना में भाग लिया और दीपोत्सव में फिर गिनीज रिकॉर्ड बनाने में सबको बधाई दी।