अयोध्या में श्रीराम मंदिर का निर्माण अंतिम चरण में पहुँच चुका है। अप्रैल के अंत तक राम मंदिर बनकर तैयार होने की संभावनाएँ हैं। बुधवार (3 अप्रैल, 2025) को सात शिखरों का पूजन विधिवत संपन्न हुआ। रामनवमी पर देशभर से 20 लाख श्रद्धालु मंदिर में श्रीराम के दर्शन करने पहुँचेंगे। इसे देखते हुए रामलला के दर्शन का समय बढ़ाने पर विचार किया जा रहा है।
निर्माण समिति के अध्यक्ष नृपेंद्र मिश्रा ने बताया कि अब केवल दो लेयर पत्थरों का काम बाकी है। अनुमान है कि अप्रैल के अंत तक मंदिर पूरी तरह बनकर तैयार हो जाएगा। इस बार रामलला का जन्मोत्सव पूर्ण निर्मित मंदिर में मनाया जाएगा, जो करोड़ों राम भक्तों के लिए ऐतिहासिक क्षण होगा। रामनवमी पर रामलला का सूर्य-तिलक करने की भी व्यवस्था की गई है।
बता दें कि 22 जनवरी, 2024 को भगवान रामलला का भव्य मंदिर बनकर तैयार हुआ था और शुभ मुहूर्त में उन्हें उनकी जन्मभूमि पर प्रतिष्ठित किया गया था। हालाँकि, मंदिर परिसर का पूर्ण निर्माण कार्य दिसंबर 2025 तक चलेगा लेकिन मुख्य मंदिर का निर्माण अब लगभग पूरा हो चुका है।