Saturday, December 28, 2024

जितना ऊँचा 1-मंजिला घर, उतनी ऊँचाई तक अयोध्या राम मंदिर का शिखर होगा सोने से जड़ा हुआ: सामने आई काम पूरा होने की तारीख

राम मंदिर निर्माण समिति के अध्यक्ष नृपेंद्र मिश्र ने शुक्रवार (6 दिसंबर 2024) को बैठक में निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने बताया कि निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है और 15 मार्च तक पूरा करने का लक्ष्य है। हालाँकि मजदूरों की संख्या बढ़ाई गई है, फिर भी थोड़ी कमी महसूस हो रही है।

रामलला के मुख्य मंदिर के साथ ही सप्त मंदिरों और परकोटे का निर्माण भी मार्च तक पूरा करने की योजना है। परकोटे का तीन-चौथाई हिस्सा तैयार हो चुका है। लोअर प्लिंथ में 500 फीट लंबाई में रामकथा के प्रसंग उकेरे जा रहे हैं, जो मंदिर को ऐतिहासिक धरोहर बनाएँगे। मिश्र ने तीर्थयात्री सुविधा केंद्र, फायर स्टेशन और वॉटर प्लांट जैसी परियोजनाओं की जानकारी दी। जनवरी तक ये सुविधाएं ट्रस्ट को सौंपने की योजना है।

स्वर्ण जड़ित होगा राम मंदिर का शिखर

नृपेंद्र मिश्र ने बताया कि राम मंदिर का शिखर 10 फीट तक सोने से मंडित होगा, जिससे यह और भी भव्य बनेगा। निर्माण कार्य निर्धारित समयसीमा के अनुसार प्रगति कर रहा है। 15 मार्च तक मंदिर का मुख्य कार्य पूरा होने की उम्मीद है।