Saturday, March 15, 2025

अयोध्या राममंदिर के मुख्य पुजारी सत्येंद्र दास का 87 साल की उम्र में निधन, चल रहा था इलाज: बाबरी आंदोलन के दौरान गोद में रामलला को लेकर भागे थे बाल संन्यासी

अयोध्या में भगवान श्रीरामलला मंदिर के मुख्य पुजारी सत्येंद्र दास का बुधवार (12 फरवरी 2025) की सुबह निधन हो गया। वे 87 साल के थे। दरअसल, 3 फरवरी को उनका ब्रेन हैमरेज हो गया था। इसके बाद उन्हें अयोध्या से लखनऊ रेफर किया गया था। तब से लखनऊ के पीजीआई में उनका इलाज चल रहा था। वे 34 साल से रामजन्मभूमि में मुख्य पुजारी के रूप में अपनी सेवा दे रहे थे।

उत्तर प्रदेश के संतकबीरनगर जिले में 20 मई 1945 को जन्मे सत्येंद्र दास रामजन्मभूमि आंदोलन से भी जुड़े थे। कहा जाता है कि 6 दिसंबर 1992 को बाबरी विध्वंस के समय वे रामलला को गोद में लेकर भागे थे। सत्येंद्र दास ने सन 1958 में घर छोड़ दिया था और संन्यास ले लिया था और रामजन्मभूमि के तत्कालीन पुजारी अभिराम दास के शिष्य बन गए थे। उनके परिवार में दो भाई और एक बहन थीं। बहन का निधन हो चुका है।