Saturday, June 21, 2025

जैनियों के ‘लड्डू महोत्सव’ में लकड़ी का वॉच टावर ढहा, 5 श्रद्धालुओं की मौत: बागपत की घटना, CM योगी ने राहत कार्यों में तेजी के दिए निर्देश

उत्तर प्रदेश के बागपत के बड़ौत में एक धार्मिक कार्यक्रम के दौरान हुए हादसे में 5 लोगों की मौत हो गई। करीब 40 लोग घायल हैं। यह​ दुर्घटना 28 जनवरी 2025 को उस समय हुई जब जैनियों के ‘लड्डू महोत्सव’ के दौरान लकड़ी का बना एक वॉच टावर टूट गया। इसके बाद श्रद्धालु एक-दूसरे के ऊपर गिरते गए और भगदड़ जैसे हालात बन गए।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना में हुई जनहानि को अत्यंत दुःखद बताया है। उन्होंने ट्विटर/एक्स पर किए एक पोस्ट में कहा है, “मेरी संवेदनाएँ शोक संतप्त परिजनों के साथ हैं। जिला प्रशासन के अधिकारियों को राहत कार्यों को तेजी से संचालित करने तथा घायलों के समुचित उपचार के निर्देश दिए हैं। प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को अपने श्री चरणों में स्थान एवं घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें।”

स्थानीय प्रशासन मौके पर राहत कार्यों में जुटा हुआ है। बागपत की डीएम अस्मिता लाल ने 5 मौतों की पुष्टि की है। उन्होंने बताया है कि घायलों में से 20 लोगों को अस्पताल में इलाज के बाद घर भेज दिया गया है। जिस समय हादसा हुआ उस समय श्रद्धालु भगवान आदिनाथ को प्रसाद चढ़ा रहे थे।