केरल के पेरुंबवूर में पुलिस ने एक बांग्लादेशी नागरिक को 500 रुपए के 17 जाली नोटों के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपित की पहचान बांग्लादेश के अलीपुर निवासी सलीम मंडल के रूप में हुई है। सलीम पिछले 18 साल से भारत में अवैध रूप से रह रहा था। उसे मोबाइल चोरी के मामले में पकड़ा गया था। इसके बाद पुलिस ने उसकी गतिविधियों की गहन जाँच की तो मामले का खुलासा हुआ।
पुलिस के अनुसार, सलीम ने भारत में अवैध रूप से घुसने के बाद पश्चिम बंगाल में फर्जी भारतीय पासपोर्ट और आधार कार्ड बनवाया था। वह लगातार बांग्लादेश भी आता-जाता था। जाँच में पता चला है कि सलीम मोबाइल फोन और लैपटॉप चोरी करके बांग्लादेश ले जाता था और वहाँ बेचता था। इन मोबाइल फोनों की लोकेशन ट्रैकिंग से बचने के लिए IMEI नंबर में छेड़छाड़ करता था।
इतना ही नहीं, सलीम मंडल भारत में जाली नोटों का एक बड़ा नेटवर्क भी चला रहा था। वह बांग्लादेश में नकली नोट बनाने वालों को कागज और स्याही की सप्लाई करता था। वहाँ छपने वाले भारतीय जाली नोटों को वह भारत लाता था और उन्हें यहाँ खपाता था। वह विभिन्न अपराधों में पकड़े गए प्रवासी मजदूरों को जमानत दिलाने में भी मदद करता था।
पुलिस ने बताया कि सलीम मंडल के साथ उसकी अम्मी रोजिना भी अवैध रूप से भारत में रह रही थी। पुलिस ने उसकी अम्मी को भी गिरफ्तार किया है। पुलिस ने जाँच की तो पता चला कि सलीम को केरल की पेरुंबवूर पुलिस ने बलात्कार के एक मामले में पहले भी गिरफ्तार कर चुकी थी।