Wednesday, April 30, 2025

बुर्कानशीं लड़की को हिन्दू लड़के के साथ देखकर मुस्लिम लड़कों ने की मारपीट, कॉन्ग्रेस अध्यक्ष खड़गे के बेटे ने यूपी-बिहार का किया अपमान

बेंगलुरु में मुस्लिम लड़की और हिंदू लड़के के साथ उत्पीड़न का एक मामला सामने आया है। वीडियो वायरल हुआ तो पुलिस ने एक्शन लेते हुए पाँच मुस्लिम लड़कों को गिरफ्तार कर लिया। इस पूरे मामले में कॉन्ग्रेस नेता मल्लिकार्जुन खड़गे के बेटे और कर्नाटक सरकार में सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री प्रियांक खड़गे ने तंज कसा है। उन्होंने कहा कि ये यूपी, बिहार या मध्य प्रदेश नहीं है, कर्नाटक में एसी हरकतें बर्दाश्त नहीं होंगी। इस बयान के बाद उनके प्रति लोगों का रोष सामने आ रहा है।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, बेंगलुरु के चंद्रा लेआउट एरिया के पार्क में बुधवार (9 अप्रैल, 2025) को एक हिंदू लड़के के साथ बुर्कानशीं लड़की स्कूटी पर बैठी थी। दोनों को एक साथ बैठे और बातें करते देखकर मुस्लिम लड़कों का एक झुंड उनके पास आकर छेड़छाड़ और सवाल जवाब करने लगा। लड़की से पूछा जाने लगा कि वो कहाँ है, क्या कर रही है। उसे डराते हुए कहा गया, “तुम्हें शर्म नहीं आती?” लड़के से भी पूछा जाता है कि दूसरे धर्म की लड़की के साथ वह क्यों बैठा है। इसके बाद लकड़ी के डंडे से हिंदू लड़के के साथ मारपीट की। पूरी घटना का वीडियो भी बनाया गया।

वीडियो के वायरल होते ही पुलिस ने एक्शन लिया और पाँच बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। इस पूरी घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए प्रियांक खड़गे ने कहा, “ऐसी घटनाएँ निंदनीय है। मॉरल पुलिसिंग किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं होगी। ये यूपी, बिहार, मध्य प्रदेश नहीं है। कर्नाटक एक प्रगतिशील राज्य है।”

उनके इस बयान पर लोगों का गुस्सा सामने आ रहा है। वहीं, इस पूरे मामले पर पुलिस ने जाँच शुरू कर दी है।