पत्नी और सास-साले की प्रताड़ना से तंग आकर बेंगलुरु में फाँसी लगाकर आत्महत्या करने वाले AI इंजीनियर अतुल सुभाष का लगभग डेढ़ घंटे का वीडियो और 24 पन्ने का सुसाइड नोट आने के बाद बवाल मच गया है। आखिरकार बेंगलुरु पुलिस ने मंगलवार (10 दिसंबर 2024) को मामले का संज्ञान लेते हुए आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज कर जाँच शुरू कर दी है।
वहीं, अतुल के भाई विकास मोदी की शिकायत के आधार पर महाराष्ट्र की मराठाहल्ली पुलिस ने मृतक की पत्नी निकिता सिंघानिया, उसकी सास निशा, साला अनुराग और निकिता के चाचा सुशील सिंघानिया के खिलाफ मामला दर्ज किया है। इन लोगों पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 108 (आत्महत्या के लिए उकसाना) और 3(5) (जब एक आपराधिक कृत्य एक सामान्य इरादे से कई व्यक्तियों द्वारा किया जाता है) के तहत मामला दर्ज किया गया है।
मृतक अतुल सुभाष ने रिकॉर्ड किए गए वीडियो में कहा था, “मेरी पत्नी ने मेरे खिलाफ नौ मामले दर्ज कराए हैं। छह मामले निचली अदालत में और तीन उच्च न्यायालय में हैं।” उन्होंने बताया कहा था कि 2022 में उनके, उनके माता-पिता और भाई के खिलाफ हत्या, दहेज उत्पीड़न और अप्राकृतिक यौन संबंध का मामला दर्ज किया गया था।