Wednesday, June 25, 2025

सांभर… सांभर… सांभर… रोज एक ही डिश खाने से तंग हुई महिला: बेंगलुरु में फाँसी लगाई, परिवार बोला- पति ने की हत्या

कर्नाटक के बेंगलुरु से अजीबोगरीब मामला सामने आया है। यहाँ एक महिला ने सांभर पकाई और खाने के बाद आत्महत्या कर ली। हालाँकि, मृतका के परिजन ने पति पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने अप्राकृतिक मौत का मामला दर्ज कर जाँच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, देवनहल्ली तालुक के सवाकनहल्ली निवासी 38 वर्षीय नागरत्ना पेशे से दर्जी है। उसका पति रियल एस्टेट ब्रोकर है। गुरुवार (29 मई 2025) सुबह को नागरत्ना ने सांभर बनाया। शाम को काम से लौटने के बाद भी वहीं सांभर खाया। इससे परेशान होकर उसने खुद की जान ले ली।

पति के मुताबिक, नागरत्ना सांभर खाने के बाद बाथरूम गई। काफी देर तक बाहर नहीं आने पर दरवाजा तोड़ा गया। जहाँ उसका शव दुपट्टे से लटकता मिला। पति का कहना है कि मानसिक संबंधी समस्याओं का इतिहास रहा है। वह छोटी-छोटी बातों से परेशान हो जाया करती थी।

वहीं, मृतका की माँ और भाई ने कहा नागरत्ना आत्महत्या करने वालों में से नहीं थी। उसके पति ने वित्तीय संकट के चलते नागरत्ना की हत्या की है। परिजन ने पति के खिलाफ थाने में शिकायत दर्ज की है।

पुलिस का कहना है कि दोनों पक्ष की शिकायतों के आधार पर जाँच शुरु कर दी है।