Monday, March 3, 2025

Ola इलेक्ट्रिक के 1000 कर्मचारियों की होगी छंटनी, भाविश अग्रवाल ने घाटे को बनाया बहाना: 3 महीना पहले 500 को निकाला था, IPO आने के बाद दूसरी बार ले-ऑफ

भारत की शीर्ष स्कूटर निर्माता कंपनी ओला इलेक्ट्रिक मोबिलिटी लिमिटेड अपने बढ़ते घाटे को कम करने के लिए 1,000 से अधिक कर्मचारियों और अनुबंध कामगारों की छंटनी करने जा रही है। यह छंटनी खरीद, पूर्ति, ग्राहक संबंध और चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर जैसे विभागों में होगी। यह कंपनी पिछले साल अगस्त में शेयर मार्केट में सूचीबद्ध हुई थी। इसके बाद से यह दूसरी छंटनी होगी।

सॉफ्टबैंक ग्रुप कॉर्प द्वारा समर्थित और भाविश अग्रवाल की अगुवाई वाली इस कंपनी ने पिछले साल नवंबर में लगभग 500 कर्मचारियों की छंटनी की थी। कंपनी में मार्च 2024 के अंत तक 4,000 कर्मचारी थे। ओला को दिसंबर तिमाही में घाटे में 50 प्रतिशत की वृद्धि हुई थी। अगस्त में ब्लॉकबस्टर IPO की शुरुआत के बाद से ओला इलेक्ट्रिक के शेयरों में 60% से ज़्यादा की गिरावट आ चुकी है।