उत्तर प्रदेश में 10 सीटों पर होने वाले उपचुनाव के लिए भाजपा ने अपने 7 प्रत्याशियों के नामों की घोषणा कर दी है। भाजपा ने कुंदरकी से रामवीर सिंह ठाकुर और गाजियाबाद से संजीव शर्मा को टिकट दिया है। वहीं, मैनपुरी की करहल सीट पर सपा प्रमुख अखिलेश यादव के जीजा अनुजेश यादव को भाजपा ने मैदान में उतारा है।
भाजपा ने फूलपुर से दीपक पटेल, कटेहरी से धर्मराज निषाद और खैर (अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित) से सुरेंद्र दिलेर को अपना प्रत्याशी बनाया है। वहीं, मझवाँ से भाजपा ने सुचिस्मिता मौर्या को टिकट दिया है। उधर, राजस्थान के चौरासी (अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित) सीट से कीरालाल नमोमा को मैदान में उतारा है।
भाजपा की केन्द्रीय चुनाव समिति ने आगामी राजस्थान एवं उत्तर प्रदेश के विधानसभा उप-चुनाव 2024 हेतु निम्नलिखित नामों पर अपनी स्वीकृति प्रदान की। pic.twitter.com/kIVuhfKb3u
— BJP (@BJP4India) October 24, 2024
बता दें कि अनुजेश यादव सपा के संस्थापक मुलायम सिंह यादव के भाई अभयराम यादव की बेटी संध्या यादव के पति हैं। संध्या यादव सपा सांसद धर्मेद्र यादव की सगी बहन हैं। संध्या यादव मुलायम परिवार की पहली बेटी हैं, जिन्होंने राजनीति में कदम रखा था। वह मैनपुरी की जिला पंचायत अध्यक्ष रह चुकी हैं। संध्या और अनुजेश को सपा से निकाल दिया था। इसके बाद दोनों भाजपा में शामिल हो गए थे।