भारतीय जनता पार्टी (BJP) के अल्पसंख्यक मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जमाल सिद्दीकी ने कहा है कि सनातन धर्म इस्लाम से बहुत पहले आया। साथ ही मुस्लिम भी भगवान राम के वंशज हैं। उनका ऐसा कहने के पीछे की वजह भारत में मौजूद विभिन्न समुदायों की साझा सांस्कृतिक और पारंपरिक विरासत को सामने लाना था।
जमाल ने कहा कि सनातन धर्म ने ही भारतीय सभ्यता की नींव रखी है। इसलिए अगर कोई मुस्लिम व्यक्ति भगवान श्रीराम और कृष्ण को नहीं मानता तो वो सच्चा मुस्लिम नहीं हो सकता।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, जमाल ने इस्लाम, हदीस और कुरान की परंपराओं के बारे में बात करते हुए कहा, “कुरान में 25 पैगंबरों का उल्लेख है, लेकिन हदीस और परंपरा के अनुसार, दुनिया भर में 1,24,000 पैगंबर भेजे गए थे। तो ऐसे में इनमें भागवान राम और कृष्ण भी तो शामिल हो सकते हैं। हो सकता है वो उन्हीं के दूत हों।”
उन्होंने ये भी दावा किया कि भारत में मुस्लिम समुदाय की जड़ें प्राचीन हिंदू परंपरा से जुड़ी हुई हैं। उन्होंने कहा कि हम लोगों के पूजा के तरीके बदल सकते हैं, लेकिन हमारी मूल संस्कृति अब भी वही है। उन्होंने कहा, “हमारी पहचान अभी भी सनातनी है।”