Wednesday, March 12, 2025

हरियाणा निकाय चुनाव में क्लीन स्वीप की तरफ भाजपा, 9 नगर निगम में आगे : कॉन्ग्रेस खाता खोलने में भी विफल, विनेश फोगाट का जुलाना भी हारी

हरियाणा के निकाय चुनाव में भाजपा एकतरफा जीत की तरफ बढ़ रही है। बुधवार (12 मार्च, 2025) को निकाय चुनाव की मतगणना हो रही है। इसके शुरूआती रुझानों में भाजपा ने 10 में से 9 नगर निगम में अपनी बढ़त बनाई हुई है। एक नगर निगम में निर्दलीय प्रत्याशी आगे है।

गुरुग्राम, फरीदाबाद, कुरुक्षेत्र, अम्बाला, पानीपत, करनाल, यमुनानगर समेत 9 नगर निगम में भाजपा प्रत्याशी बढ़त बनाए हुए हैं। इनके कई वार्ड में भी भाजपा प्रत्याशी जीत की तरफ बढ़ रहे हैं। अम्बाला और सोनीपत में मेयर पद के लिए उपचुनाव था। कॉन्ग्रेस खाता भी नहीं खोल पाई है।

हरियाणा में 32 नगर पालिका के भी नतीजे बुधवार को सामने आएँगे। इनमें भी कई जगह पर भाजपा आगे है। नगर निकाय के यह चुनाव हरियाणा में विधानसभा चुनाव के तुरंत बाद हुए हैं। ऐसे में यह एक तरह से नायब सिंह सैनी की अगुवाई वाली भाजपा सरकार का एक टेस्ट भी था। इसमें भाजपा पास होती दिखाई दे रही है।

वहीं विधानसभा चुनाव में कॉन्ग्रेस से जीत दर्ज करने वाली विनेश फोगाट के क्षेत्र जुलाना में भाजपा ने नगर पालिका में जीत हासिल की है।