Monday, March 24, 2025

कर्नाटक में किसानों की जमीन कॉन्ग्रेस सरकार दे देगी वक्फ को, BJP का राज्यव्यापी विरोध

कर्नाटक की विपक्षी पार्टी भाजपा ने गुरुवार (31 अक्टूबर) को वक्फ बोर्ड द्वारा किसानों की जमीनों पर दावा करने और सरकार द्वारा उसे हस्तांतरित करने के प्रयास के खिलाफ राज्यव्यापी विरोध प्रदर्शन का ऐलान किया है। भाजपा ने यह विरोध 4 नवंबर से करने की घोषणा की है। साथ ही कॉन्ग्रेस सरकार में अल्पसंख्यक कल्याण एवं वक्फ मंत्री बीजेड ज़मीर अहमद खान के इस्तीफे की माँग की है।

राज्य भाजपा अध्यक्ष बीवाई विजयेंद्र ने सरकार पर कृषि भूमि को वक्फ संपत्ति के रूप में वर्गीकृत करने के लिए भूमि रिकॉर्ड में बदलाव करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि अधिकारियों पर जिलों में भूमि अभिलेखों में संशोधन करने का दबाव बनाया जा रहा है। हावेरी से भाजपा सांसद और पूर्व मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई ने कॉन्ग्रेस सरकार पर वक्फ कानून के दुरुपयोग का आरोप लगाया।

बोम्मई ने दावा किया कि इस कानून का इस्तेमाल किसानों की कृषि भूमि को वक्फ संपत्ति के रूप में पुनर्वर्गीकृत करने के लिए किया जा रहा है। बोम्मई ने कर्नाटक सरकार से किसानों को जारी किए गए नोटिस वापस लेने, राज्य भर में रिकॉर्ड का सत्यापन करने और किसानों के लिए न्याय सुनिश्चित करने की माँग की।