Thursday, May 8, 2025

देर रात भारत में घुस रहा था पाकिस्तानी घुसपैठिया, BSF ने मार गिराया: पंजाब के फिरोजपुर में कार्रवाई, सीमा पर अलर्ट

बीएसएफ ने पाकिस्तान की सीमा से लगे पंजाब के फिरोजपुर में एक घुसपैठिए को मार गिराया है। बुधवार (8 मई 2025) रात करीब 2.30 बजे एक व्यक्ति पाकिस्तान की तरफ से गेट नंबर 207/ 1 के पास पोस्ट लक्खा सिंह वाला के पास घुसने की कोशिश कर रहा था। बीएसएफ ने उस व्यक्ति को रुकने के लिए कहा लेकिन वो लगातार भारतीय सीमा की तरफ बढ़ रहा था। इसके बाद जवानों ने फायरिंग की और मार गिराया।

दरअसल पहलगाम हमले के बाद से ही भारत के सीमावर्ती इलाके में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया था। 7 मई को पाकिस्तान में घुसकर आतंकी ठिकानों को भारत ने निशाना बनाया। इसके बाद सीमा पर सतर्कता ज्यादा बढ़ा दी गई है। कोई ही हरकत होने पर सुरक्षाबलों को देखते ही गोली मारने के आदेश दिए गए हैं।

पंजाब में पुलिसकर्मियों की छुट्टी अगले आदेश तक रद्द कर दी गई है। डीजीपी गौरव यादव ने कहा है, “कोई भी पुलिस अधिकारी या पुलिसकर्मी बगैर अपने अथॉरिटी की मंजूरी के छुट्टी पर नहीं जा सकता है। केवल आपात स्थिति में ही संबंधित अधिकारी या कर्मचारी को छुट्टी मिल सकती है और वो भी अथॉरिटी की मंजूरी के बाद”