अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ड्रग तस्करी करने वाला ताहिर सलीम डोला को भारत लाया गया है। CBI ने इंटरपोल की मदद से संयुक्त अरब अमीरात (UAE) में ताहिर की गिरफ्तारी करवाई। इसके बाद उसे भारत लाने में सफलता हासिल की। ताहिर UAE से भारत में अवैध ड्रग का धंधा चलाता था।
शुक्रवार (13 जून 2025) को ताहिर सलीम को UAE से डिपोर्ट किया गया। उसे ₹245 करोड़ की कीमत के 126 किलोग्राम ड्रग्स के साथ पकड़े जाने वाले मामले में गिरफ्तार किया गया था। इस मामले में मुंबई पुलिस ने साल 2024 में उसके खिलाफ ‘रेड नोटिस’ जारी किया था।
जाँच एजेंसी की मुताबिक, इसके बाद ताहिर को पकड़ने के लिए खुफिया ऑपरेशन चलाया गया। इसमें CBI ने इंटरपोल और अबू धाबी के एनसीबी के साथ मिलकर ताहिर के UAE में होने का पता लगाया और जनवरी 2025 में उसकी गिरफ्तारी हुई। इसके बाद प्रत्यर्पण के लिए कानूनी कार्यवाही शुरू की।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, डोला महाराष्ट्र के सांगली जिले में ड्रग्स बनाने का धंधा चलाता था। पुलिस जाँच में सामने आया कि इस फैक्ट्री को UAE से ऑपरेट किया जा रहा है। मुंबई पुलिस ने इस मामले में हवाला ऑपरेटर समेत 11 लोगों को गिरफ्तार किया था। इसमें मुख्य आरोपित प्रवीण शिंदे भी शामिल था, जो कि सारे पैसों का लेन-देन संभालता था।