भारत सरकार 2025 में देश में जनगणना चालू करवा सकती है। इसकी रिपोर्ट 2026 तक सार्वजनिक होने के कयास हैं। इस जनगणना में जातिवार आँकड़े नहीं लिए जाएँगे, ऐसा मीडिया रिपोर्ट्स में बताया गया है। हालाँकि, SC-ST की जानकारी इस जनगणना में शामिल की जाएगी, इसकी संभावना है।
CNN-NEWS18 की एक रिपोर्ट के अनुसार, 2025 में जनगणना चालू किए जाने के बाद फिर से 10 साल के अंतर पर ही जनगणना होगी। अभी जनगणना के सबसे नए आँकड़े 2011 के हैं। 2021 में देश में अगली जनगणना होनी थी लेकिन कोविड महामारी के कारण ऐसा नहीं हो सका था।
रिपोर्ट्स में यह भी बताया गया है 2026 में जनगणना के आँकड़े सार्वजनिक होने के बाद देश में संसदीय क्षेत्रों का पुनः परिसीमन का काम चालू होगा। यह 2028 तक पूरा किए जाने के कयास हैं। यह भी बताया गया है कि इस परिसीमन के साथ ही महिलाओं का 33% आरक्षण भी लागू किया जा सकता है।