Tuesday, June 17, 2025

बसवराजू की लाश गिरते ही खौफ में आए नक्सली, छत्तीसगढ़ में 18 और वामपंथी आतंकियों ने डाले हथियार: इनमें से 10 पर था ₹38 लाख का इनाम

छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में महिला नक्सली समेत 18 नक्सलियों ने सरेंडर किया है। इनमें से 10 पर कुल ₹38 लाख का इनाम घोषित था। चार नक्सली तो हार्डकोर श्रेणी के हैं। इन सभी पर सुकमा और बीजापुर जिले में बड़ी घटनाओं में शामिल होने के आरोप हैं।

पुलिस अधीक्षक किरण चव्हाण ने बताया कि माओवादियों ने यहाँ वरिष्ठ पुलिस और CRPF अधिकारियों के समक्ष सरेंडर कर दिया। उन्होंने कहा, “ये सभी ‘खोखली’ और ‘अमानवीय’ माओवादी विचारधारा और स्थानीय आदिवासियों पर माओवादियों के अत्याचारों से निराश हैं। इसके साथ प्रदेश सरकार की ‘नियाद नेल्लनार’ योजना से भी प्रभावित हैं, जिसका उद्देश्य दूरदराज के गाँवों में विकास कार्यों को बेहतर बनाना है।”

पुलिस के अनुसार, सरेंडर करने वाले नक्सलियों में मड़कम आयता और भास्कर उर्फ भोगम लक्खा पर ₹8-8 लाख रुपए का इनाम था। माओवादियों के दोनों एरिया कमेटी के सदस्य मड़कम कमलू और लक्ष्मण उर्फ माडवी छन्नू पर ₹5-5 लाख, जबकि छह अन्य पर ₹2-2 लाख का इनाम था।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि सरेंडर करने वाले नक्सलियों को ₹50-50 हजार की सहायता दी गई है। सरकारी की नीति के अनुसार उनका पुनर्वास किया जाएगा। पिछले साल बस्तर क्षेत्र में 792 नक्सलियों ने सरेंडर किया था।