Tuesday, March 25, 2025

मोहम्मद इस्माइल, शेख अकबर, शेख साजन… बांग्लादेश से आकर रायपुर में बस गए, फर्जी भारतीय दस्तावेज बनाकर जा रहे थे इराक: मुंबई एयरपोर्ट पर दबोचे गए

छत्तीसगढ़ की रायपुर पुलिस ने तीन बांग्लादेशी घुसपैठियों को मुंबई एयरपोर्ट से गिरफ्तार किया है। इनका नाम मोहम्मद इस्माइल, शेख अकबर और शेख साजन है और यह तीनों सगे भाई हैं। बांग्लादेश से भारत आने के बाद इन तीनों ने फर्जी पासपोर्ट और बाकी दस्तावेज बनवा लिए थे।

यह तीनों इन्हीं कागजों के सहारे भारत से इराक भागने की तैयारी में थे। यह फर्जी कागज इन्होने छत्तीसगढ़ के रायपुर में ही बनवाए थे। यह बीते कुछ समय से रायपुर में रह रहे थे। फर्जी कागज बनने के बाद यह हावड़ा मेल से मुंबई गए थे। यह इराक की राजधानी बग़दाद जाने वाले थे। वहाँ यह जियारत के वीजा पर जा रहे थे लेकिन इन्होने वापस ना आने का इरादा बनाया था।

पुलिस ने इन तीनों 3 दिन की रिमांड पर लिया है। पुलिस ने बताया है कि रायपुर में फर्जी कागज बनाने वाला एक गैंग काम कर रहा था। वह यहाँ फर्जी पासपोर्ट समेत बाकी दस्तावेज बनाता था। वर्तमान में इसका सरगना फरार है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है।