Monday, March 24, 2025

कानपुर का जो मदरसा 4 साल से बंद उसमें मई 2023 को पढ़ाने कौन आया? बच्चे का कंकाल मिलने के बाद खड़े हुए सवाल

कानपुर के जाजमऊ में स्थित एक बंद मदरसे में एक कंकाल मिला है। कंकाल किसी 8-10 वर्षीय बच्चे का बताया जा रहा है। मदरसे में तालीम कोविड काल में बंद हो गई थी। इसके संचालक का भी 2 साल पहले कैंसर के कारण निधन हो गया था। अब यह बरामदगी ताला टूटा हुआ दिखने के बाद मिली है।

कंकाल किस बच्चे का है, इसकी शिनाख्त के लिए सैम्पलिंग की गई है। पास में ही रहने वाली एक महिला ने दावा किया है कि यह कंकाल उसके बेटे का हो सकता है जो 10 साल का था। यहाँ से बच्चे के कपड़े भी बरामद हुए हैं। मदरसा भले ही 4 साल पहले बंद होने की बात कही जा रही हो, यहाँ बोर्ड पर दर्ज तारीख मई, 2023 की है।

पुलिस अब कंकाल की पहचान के अलावा यह भी पता लगा रही है कि क्या मदरसा अवैध रूप से चल रहा था।