अमेरिका ने बायडेन सरकार का CHNV पैरोल कार्यक्रम बंद कर दिया है, जिसके तहत क्यूबा, हैती, निकारागुआ और वेनेजुएला के अप्रवासियों को कानूनी रास्ते से अमेरिका में प्रवेश मिलता था। होमलैंड सुरक्षा विभाग (DHS) ने इन अप्रवासियों को देश छोड़ने के नोटिस जारी किए हैं और उनके वर्क परमिट भी रद्द कर दिए हैं।
यह फैसला अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट के हालिया आदेश के बाद आया, जिसमें DHS को 5 लाख अप्रवासियों का पैरोल रद्द करने की अनुमति मिली।
साल 2023 में बायडेन सरकार द्वारा शुरू हुआ यह कार्यक्रम यूएस-मेक्सिको बॉर्डर पर अवैध प्रवास रोकने और मानवीय संकट से भाग रहे लोगों की मदद के लिए था। हर महीने 30,000 से ज्यादा आवेदन मिलते थे। ये अप्रवासी लोग निर्माण, स्वास्थ्य सेवा जैसे क्षेत्रों में काम करते थे। अब वर्क परमिट रद्द होने से इन उद्योगों में कर्मचारी संकट की आशंका है।
DHS का कहना है कि इन अप्रवासियों की जाँच ठीक नहीं हुई और उन्होंने अमेरिकी श्रमिकों की नौकरियाँ लीं। मानवाधिकार संगठन इस फैसले की निंदा कर रहे हैं और इसे अप्रवासियों के साथ अन्याय बता रहे हैं।