Friday, April 4, 2025

356 साल पहले मुगलों ने ध्वस्त किया था जो राम मंदिर, अब होगा उसका भव्य निर्माण: काशी पहुँचे CM योगी, किया भूमि-पूजन

वाराणसी में सदियों पुराने श्रीराम जानकी मंदिर को फिर से बनाया जाएगा। इसके श्रीगणेश के लिए गुरुवार (3 अप्रैल, 2025) को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ काशी पहुँचे। उन्होंने भूमि-पूजन कर मंदिर निर्माण का शिलान्यास किया। 8000 स्क्वायर फिट में तैयार होने वाले इस मंदिर को धार्मिक और सांस्कृतिक गतिविधियों के केंद्र के तौर पर विकसित किया जाएगा।

इस अवसर पर सीएम योगी ने कहा कि 750 वर्षों की आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विरासत की एक समृद्ध परंपरा के नवीनीकरण के साथ आज जुड़ने का सौभाग्य मिला। उन्होंने कहा कि 40-50 साल के इतिहास पर कुछ लोग सीना चौड़ा करते हैं, जबकि इस मंदिर का इतिहास 700 साल पुराना है। उन्होंने बताया कि कई संन्यासियों ने यहाँ रहकर सनातन की सेवा की, जिनमें गोस्वामी तुलसीदास जी भी शामिल हैं।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, काशी के भेलूपुर क्षेत्र में श्रीराम मंदिर का निर्माण 1398 में हुआ था। 1669 में मुगल आक्रांता औरंगज़ेब ने इसे ध्वस्त कर दिया था। 1700 में सियाराम दास ने इसका पुनर्निर्माण करवाया था।

रिपोर्ट्स के अनुसार, 325 साल बाद पुनर्निर्माण के तहत मंदिर को तैयार होने में 3 साल का समय लगेगा। काशी की सांस्कृतिक धरोहर सँजोने में यह मंदिर महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। मंदिर परिसर में गौ सेवा, संतों के लिए आश्रम, वेद-शास्त्रों की पढ़ाई की निःशुल्क सुविधा के साथ वेद, यज्ञ और भारतीय शास्त्रों पर शोध और अध्ययन भी किया जाएगा।