Sunday, January 19, 2025

जवाहर लाल नेहरू स्टेडियम में स्टेज से गिरीं कॉन्ग्रेस की महिला MLA, सिर-रीढ़ और फेफड़ों में चोट: वेंटिलेटर पर उमा थॉमस, केरल पुलिस ने आयोजकों पर की FIR

केरल के कोच्चि में भरतनाट्यम प्रस्तुति देखने आईं कॉन्ग्रेस MLA उमा थॉमस 14 फीट ऊँचाई पर बनी स्टेज से गिर गईं। इसके चलते वह बेहोश हो गईं और उन्हें गंभीर चोटें आईं। उन्हें एना-फानन में अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल ने बताया है कि गिरने की वजह से उनके दिमाग, रीढ़, फेफड़े समेत बाकी कई अंग गंभीर रूप से चोटिल हैं। वह वेंटिलेटर पर हैं।

मुख्य तौर पर चोटें उनके चेहरे पर लगी हैं। उनकी हालत खतरे से बाहर बताई गई है। MLA के गिरने के बाद बदइंतजामी का केस कार्यक्रम के आयोजकों के खिलाफ दर्ज कर लिया गया है। उन पर सुरक्षा नियमों के उल्लंघन का भी आरोप है। स्टेज बनाने वाले ठेकेदारों के खिलाफ भी मामला दर्ज हुआ है।

मौके पर मौजूद नेताओं ने बताया कि उमा एक रिबन को पकड़ने के बाद जमीन पर गिरीं थी और तुरंत ही उनकी नाक से खून आ गया था। केरल सरकार ने इस संबंध में एक मेडिकल बोर्ड भी बना दिया है। उमा थॉमस 2022 में पहली बार तिक्काकारा सीट से विधायक बनी थीं।