Wednesday, May 21, 2025

शौहर बिहार में लेफ्ट पार्टी का नेता, बेगम कराची के कॉलेज में प्रोफेसर: पहलगाम अटैक के बाद मिलन हुआ मुश्किल, पहले लगा रहता था आना-जाना

भारत ने पहलगाम में हुए इस्लामी आतंकी हमले के बाद पाकिस्तानियों के वीजा रद्द कर दिए हैं। इसके चलते अब बिहार के मुजफ्फरपुर के CPI(ML) नेता आफताब आलम की चिंताएँ बढ़ गई हैं। उनकी बीवी और बेटी पाकिस्तान में फँस गए हैं। उनकी बीवी एक पाकिस्तानी नागरिक हैं।

आफताब आलम ने साल 2012 में पाकिस्तानी महिला सायना कौसर से निकाह किया था। उनका निकाह अपनी बुआ के माध्यम से हुआ था जो पाकिस्तान में ही रहती हैं। वर्तमान में उनकी बीवी सायना और बेटी आफिया पाकिस्तान के कराची में है। बेटी कराची में पाँचवी कक्षा में पढ़ रही है और बीवी भी कॉलेज में प्रोफेसर हैं।

आफताब ने बताया कि भारत में लॉन्ग टर्म वीज़ा न मिलने के चलते दोनों पाकिस्तान ही रहती हैं। भारत में उनका लगातार आना-जाना चलता रहता है, लेकिन अब यह संभव नहीं है। आफताब ने बताया है कि उनकी पत्नी और बेटी 25 फरवरी, 2025 को भारत से वापस पाकिस्तान गई थीं।