बिहार के भोजपुर में प्राइवेट स्कूल में पढ़ाने वाले शिक्षक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। टीचर को बदमाशों ने घर में घुसकर सिर, गर्दन, पेट, हाथ, सीने में कुल 12 गोलियाँ मारीं। टीचर का नाम विजय शंकर सिंह था। वह कृष्णगढ़ थाना क्षेत्र के उदयभानपुर गाँव में रहते थे। उनके ऊपर 2022 में भी एक बार हमला हुआ था, तब उन्हें पाँच गोली लगी थी, लेकिन सही इलाज मिलने के बाद वह बच गए थे।
22 दिसंबर की रात भी हमलावर उन्हें मारने के इरादे से घर में आए। उन्होंने विजय शंकर से कहा कि वह भूखे और उन्हें कुछ खाना खाना है। इस पर विजय ने अपने घर में आलू के परांठे बनाकर उन्हें खिलवाए और खाना खत्म होते ही दोनों बदमाशों ने उनके ऊपर फायरिंग शुरू कर दी। 12 गोलियाँ अलग-अलग जगह लगने के कारण विजय ने वहीं दम तोड़ दिया था।
मृतक के भाई अशोक सिंह ने इस संबंध में बताया कि रविवार को वो लोग अपने दालान पर सो रहे थे, तभी घर में गोली चलने की आवाज आई। जैसे ही सब देखने पहुँचे, सभी आरोपित फरार हो गए थे।