उत्तर प्रदेश के बदायूँ से 18 फरवरी से लापता डांसर मुस्कान की हत्या उसके पति रिजवान ने दो साथियों के साथ मिलकर की थी। रिजवान मुस्कान द्वारा हर महीने ₹40 हजार माँगे जाने के चलते नाराज था। पुलिस ने रिजवान की निशानदेही पर गड्ढे में दफन मुस्कान का कंकाल बरामद किया है।
बदायूँ के एसपी सिटी ने बताया है 28 वर्षीय मुस्कान मूल रूप से दातागंज क्षेत्र के गाँव हाशिमपुर की रहने वाली थी, और वह नौटंकी के कार्यक्रमों में डांस करती थी। उसकी मुलाकात उझानी क्षेत्र के प्रधान पति रिजवान से हुई थी। रिजवान ने चार साल पहले मुस्कान से निकाह कर लिया था।
19 फरवरी, 2025 को मुस्कान के लापता होने पर उसके मामा नूर हसन ने थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस को इसके बाद रिजवान पर शक हुआ। जब पुलिस ने पूछताछ की तो उसने मुस्कान की हत्या की बात कबूल कर ली। रिजवान ने बताया कि हत्या के लिए उसने दो साथियों रामऔतार और राधेश्याम की मदद ली थी।
रिजवान ने मुस्कान की हत्या करके नरऊ के एक खेत में उसकी लाश को दफन कर दिया था। इस मामले में गिरफ्तारी से बचने के लिए रिजवान एक पुराने मामले में अपनी जमानत रद्द करके जेल चला गया था।