Saturday, January 4, 2025

दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा ने जारी की 29 प्रत्याशियों की लिस्ट: जानें किसे मिली कहाँ से टिकट, कौन देगा अरविंद केजरीवाल को टक्कर

दिल्ली में फरवरी 2025 में होने जा रहे विधानसभा चुनावों के लिए भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने अपनी पहली लिस्ट जारी कर दी है। शनिवार (4 जनवरी 2025) को जारी हुई इस पहली लिस्ट में कुल 29 प्रत्याशी घोषित किए गए हैं। नई दिल्ली सीट पर अरविन्द केजरीवाल के खिलाफ भाजपा ने प्रवेश वर्मा को चुनावी मैदान में उतारा है।

अन्य सीटों में कालकाजी में वर्तमान मुख्यमंत्री आतिशी के खिलाफ रमेश विधूड़ी ताल ठोंकेंगे। कॉन्ग्रेस ने यहीं से अलका लांबा को टिकट देकर मुकाबले को त्रिकोणीय बनाने की कोशिश की है। भाजपा की इस पहली लिस्ट में 2 महिलाएँ शामिल हैं। शालीमार बाग से रेखा गुप्ता और सीमापुरी से कुमारी रिंकू चुनावी मैदान में हैं।

हाल ही में बांग्लादेशी घुसपैठियों के खिलाफ मोर्चा खोलने वाले रविंद्र सिंह नेगी को भाजपा ने पटपड़गंज से प्रत्याशी बनाया है। रविंद्र सिंह नेगी ने पुलिस में शिकायत देते हुए पटपड़गंज में मस्जिदों से उठने वाले अज़ान के शोर को भी बंद करवाने की माँग उठाई थी।