दिल्ली कैंट में एक सनकी आशिक द्वारा एक लड़की को सरेआम चाकू मारने की घटना सामने आई है। घटना किवरी पैलेस मेन रोड की है। युवक ने इसके बाद ख़ुद को भी चाकू मारकर गंभीर रूप से घायल कर लिया। मौके पर पहुँची दिल्ली पुलिस ने दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया है।
डॉक्टरों का कहना है कि दोनों की स्थिति गंभीर है। घटना रविवार (6 अप्रैल, 2025) की है। पुलिस देर रात तक दोनों के बयान दर्ज करने की कोशिश कर रही थी। घटनास्थल से सबूत इकट्ठे किए गए हैं। फॉरेंसिक टीम जाँच पर जुटी है। दोनों के परिवार वालों से भी पुलिस पूछताछ कर रही है।
रात के 11 बजे पुलिस को दोनों के सड़क पर पड़े होने की सूचना PCR कॉल से मिली थी। युवती के गले से बहते ख़ून को रोकने के लिए एक राहगीर ने कपड़ा बाँध रखा था। ख़ून से सना चाकू भी पास में ही पड़ा था। लड़की के काले रंग के बैग पर भी ख़ून पड़ा हुआ था। उनके पास से मिले मोबाइल फोन से उनके परिजनों को सूचित किया गया।
दोनों के बीच विवाद चल रहा था। मामला प्रेम प्रसंग का बताया जा रहा है। सिरफिरा प्रेमी चाकू मारते समय चीख-चिल्ला रहा था।