Saturday, January 4, 2025

खुद को अमेरिकी मॉडल बताकर दिल्ली के लड़के ने डेटिंग APP पर फँसाईं 700 लड़कियाँ: DU छात्रा की शिकायत के बाद गिरफ्तार, आपत्तिजनक फोटो लेकर करता था ब्लैकमेल

खुद को अमेरिकी मॉडल बताकर कई भारतीय लड़कियों को अपने जाल में फँसाने वाले एक युवक को दिल्ली पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पकड़े गए 23 वर्षीय आरोपित का नाम तुषार बिष्ट है। तुषार दिल्ली के शकरपुर इलाके में रहता है। तुषार लड़कियों से उनके आपत्तिजनक मंगवा कर बाद में उन्हें पैसों के लिए ब्लैकमेल करता था।

पुलिस की पूछताछ में तुषार ने बंबल एप पर 500 और स्नैपचैट पर 200 लड़कियों से सम्पर्क में होने की बात कबूली। उसने इन लड़कियों की आपत्तिजनक फोटो और वीडियो भी अपने पास होने की बात मानी। इनमें से कई लड़कियों से वह पैसे भी ऐंठ चुका था। अपनी साजिश को अंजाम देने के लिए तुषार एक विदेशी नंबर भी वर्चुअल तौर पर प्रयोग करता था।

वह अपनी सोशल प्रोफ़ाइल पर एक ब्राजीली मॉडल का फोटो लगाया करता था। तुषार के निशाने पर 18 से 30 वर्ष उम्र के बीच की लड़कियाँ होती थीं। उसकी ब्लैकमेलिंग से तंग एक लड़की ने 13 दिसंबर 2024 को पश्चिम दिल्ली साइबर थाने में शिकायत दर्ज करवाई थी। पीड़िता DU की छात्रा है।