Tuesday, April 29, 2025

वेंटिलेटर पर थी एयर होस्टेस, प्राइवेट पार्ट छूने लगा अस्पताल का कर्मचारी: मेदांता ने बताया- जाँच में कर रहे सहयोग

गुड़गाँव स्थित मेदांता अस्पताल में इलाज के दौरान एक महिला से यौन उत्पीड़न का मामला सामने आया है। निजी एयरलाइन में कार्यरत पीड़िता ने आरोप लगाया है कि 6 अप्रैल को जब वह वेंटिलेटर पर थी, तब अस्पताल के एक कर्मचारी ने उसका यौन शोषण किया।

पीड़िता ने बताया कि उस वक्त वह होश में नहीं थी और बोलने में असमर्थ थी। उसने बताया कि घटना के दौरान दो नर्सें भी पास में मौजूद थीं। महिला ट्रेनिंग के सिलसिले में गुड़गाँव आई थी और होटल में ठहरी हुई थी। तैराकी करते समय डूबने की स्थिति में पहुँचने के बाद उसकी तबीयत बिगड़ी, जिसके बाद उसे 5 अप्रैल, 2025 को मेदांता अस्पताल में भर्ती किया गया।

13 अप्रैल, 2025 को अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद उसने अपने पति को घटना की जानकारी दी, जिसके बाद पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई। सदर थाने में दर्ज FIR के आधार पर पुलिस ने मामले की जाँच शुरू कर दी है। अब सीसीटीवी फुटेज की जाँच की जा रही है और आरोपित की पहचान की कोशिश जारी है।

अब अस्पताल ने मामले में अपना अधिकारिक पक्ष दिया है। अस्पताल ने कहा कि अब तक आरोप साबित नहीं हुए हैं। इसके साथ ही पुलिस की जाँच में पूरी तरह से सहयोग करने की बात भी कही है।