गुजरात के दो धावकों ने अपनी अटूट भक्ति की मिसाल पेश की है। उज्ज्वल डोडिया और संजय शुक्ला नाम के इन भक्तों ने भगवान रामलला के दर्शन के लिए 1500 किलोमीटर की दूरी दौड़कर तय की। उन्होंने 22 जनवरी 2025 को अपनी यात्रा शुरू की थी और रोज 60 किलोमीटर दौड़ते हुए 15 फरवरी 2025 को अयोध्या पहुँचे।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, अयोध्या पहुँचने पर शहर के स्पोर्ट्स स्टेडियम में इनका भव्य स्वागत किया गया। दोनों धावकों ने बताया कि यह सिर्फ एक दौड़ नहीं थी, बल्कि उनके लिए एक आध्यात्मिक यात्रा थी। उन्होंने इस दौड़ को ‘रामाथन‘ यात्रा नाम दिया।
यात्रा के दौरान उनके साथ एक सपोर्ट टीम भी थी, जो भोजन, विश्राम और अन्य आवश्यक सुविधाएँ मुहैया करवा रही थी। रामलला के दर्शन के बाद उन्होंने कहा कि मंदिर में प्रवेश करते ही उन्हें एक अलग ही आध्यात्मिक ऊर्जा का अनुभव हुआ। उन्होंने भगवान श्रीराम से सभी भक्तों के कल्याण की प्रार्थना की और इस यात्रा को अपनी ज़िंदगी का सबसे खास अनुभव बताया।