Sunday, July 13, 2025

अब अगर एअर इंडिया से हुई लापरवाही, तो कर देंगे इसकी उड़ानें बंद: लाइसेंस उल्लंघन और अधूरी ट्रेनिंग वाले क्रू को देख DGCA भड़का, 3 अधिकारियों की छुट्टी

एअर इंडिया के क्रू शेड्यूलिंग विभाग से जुड़े तीन अधिकारियों पर डीजीसीए ने शनिवार (21 जून 2025) को एक्शन लिया है। डीजीसीए ने इन अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से हटाने के आदेश दिए हैं। ये अधिकारी हैं- चूरा सिंह (डिविजनल वाइस प्रेसिडेंट), पायल अरोड़ा ( क्रू शेड्यूलिंग एंड प्लानिंग) और पिंकी मित्तल (चीफ मैनेजर ऑफ क्रू शिड्यूलिंग)। डीजीसीए ने इनलोगों पर एविएशन सेफ्टी प्रोटोकॉल के उल्लंघन का आरोप लगाया है।

विमानन सुरक्षा नियामक ने यह भी चेतावनी दी है कि ऑडिट में भविष्य में कोई भी गड़बड़ी पाई गई तो एयरलाइन्स पर जुर्माना लगाया जा सकता है, लाइसेंस निलंबित किया जा सकता है या एयरलाइन का उड़ान परमिट रद्द किया जा सकता है।
यह आदेश पिछले सप्ताह अहमदाबाद में हुई दुर्घटना के बाद एयर इंडिया की जाँच के दौरान सामने आया है।

डीजीसीए ने अपने आदेश में कहा है कि तीनों अधिकारियों ने नियमों की अनदेखी करते हुए क्रू की तैनाती की। उनके आराम का ख्याल नहीं रखा और निगरानी सही तरीके से नहीं की गई। डीजीसीए के मुताबिक इन अधिकारियों पर ये भी आरोप हैं कि इनलोगों ने क्रू मैंबर्स की जोड़ी बनाने में गड़बड़ी की। लाइसेंस नियमों का उल्लंघन किया और फ्लाइट क्रू की सही तरह से ट्रेनिंग पूरी नहीं होने पर भी उन्हें क्रू मेंबर्स के रूप में शामिल किया।

पिछले कुछ दिनों से एअर इंडिया के कई विमानों में तकनीकी खराबी देखी गई है और कई उड़ानों की इमरजेंसी लैंडिंग हुई या उड़ान में देरी हुई।