Wednesday, April 30, 2025

साली ने जूते चुराई में माँगे ₹50 हजार, चलने लगे लाठी-डंडे: बिजनौर में साबिर की बारात बिन दुल्हन के लौटी, लड़की वाले बोले- दहेज की कर रहे थे डिमांड

उत्तर प्रदेश के बिजनौर में निकाह तो हुआ लेकिन बारात बिन दुल्हन के वापस लौट आई। बताया जा रहा है कि जूते चुराई की रस्म में विवाद हुआ। साली ने 50 हजार रुपए की डिमांड की थी लेकिन दूल्हे ने देने से इनकार कर दिया। इस बात पर तकरार बढ़ी और लाठी-डंडे चल गए। मौके पर पहुँची पुलिस ने दोनों पक्षों में समझौता करा दिया।

दरअसल, बिजनौर जिले में नजीबाबाद थानाक्षेत्र के खुर्शीद के बेटी का शनिवार (5 अप्रैल 2025) को निकाह था। देहरादून में सैलून की दुकान चलाने वाला साबिर दोपहर बारात लेकर गाँव पहुँचा। देर शाम जूता चुराई की रस्म को लेकर विवाद हो गया। दुल्हन पक्ष ने जूता वापस करने के लिए 50 हजार रुपए की माँग की थी। दूल्हे ने मना किया और केवल ₹5 हजार दिए। इतने में परिवार की महिलाओं ने दूल्हे को भिखारी बता दिया। दोनों पक्षों के बीच बहस शुरू हुई। बारातियों ने दुल्हन पक्ष पर मारपीट का आरोप लगाया।

वहीं, दुल्हन पक्ष का कहना है कि दहेज में स्विफ्ट गाड़ी की माँग की गई। सोने के आभूषण को भी हल्का बताया गया। इसी बात को लेकर विवाद बढ़ा। दूल्हे के परिवार ने धमकी भी दी। मामले की सूचना अज्ञात व्यक्ति ने यूपी डायल 100 पर दी। पुलिस ने मौके पर पहुँचकर मामले को शांत कराया। इसके बाद बारात वापस लौट आई बिन दुल्हन के।