Friday, May 9, 2025

DMK के नक्शे से अक्साई चिन और PoK गायब, BJP ने बताया देश विरोधी

तमिलनाडु बीजेपी ने दावा किया है कि DMK की NRI विंग ने हाल ही में सोशल मीडिया पर एक नक्शा साझा किया, जिसमें पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (PoK) और अक्साई चिन को शामिल नहीं किया गया। इस मामले के बढ़ते विवाद के कारण DMK ने नक्शे को अपने पेज से हटा लिया। भाजपा ने DMK पर आरोप लगाया है कि वह देश की संप्रभुता के खिलाफ काम कर रही है।

भाजपा की तमिलनाडु इकाई ने X (पूर्व में ट्विटर) पर लिखा कि DMK ने अलगाववाद को बढ़ावा देने, उत्तर-दक्षिण विभाजन को भड़काने और इसरो के रॉकेट पर चीनी झंडा लगाने जैसे काम किए हैं।

भाजपा नेता एच राजा ने कहा कि मुख्यमंत्री स्टालिन को इस अपमानजनक कृत्य के लिए बिना शर्त माफी माँगनी चाहिए। उन्होंने DMK की कार्यशैली पर कटाक्ष करते हुए कहा कि यह पार्टी देश को द्रविड़ राष्ट्र के रूप में विभाजित करने की कोशिश कर रही है। भाजपा ने DMK को उसके देश विरोधी संबंधों के लिए आड़े हाथों लिया है।

DMK प्रवक्ता TKS एलंगोवन ने कहा कि यह नक्शा भारत सरकार द्वारा तैयार किया गया है और यह देश की GDP में योगदान को दर्शाता है। उन्होंने भाजपा पर आरोप लगाया कि वे अपने खराब शासन को छिपाने के लिए नक्शे का मुद्दा उठा रहे हैं।