Wednesday, June 11, 2025

मीठी नदी सफाई घोटाले में फँसे डीनो मोरिया के घर पर ED का छापा, ₹65 करोड़ का हुआ था घपला: मनी लॉन्ड्रिंग के शक में हुई कार्रवाई, पहले 13 लोग किए जा चुके है गिरफ्तार

ईडी ने शुक्रवार (6 जून, 2025) को बॉलीवुड अभिनेता डीनो मोरिया के महाराष्ट्र स्थित घर पर छापा मारा है। यह कार्रवाई मुंबई के मिठी नदी सफाई घोटाले की चल रही जाँच का हिस्सा है। ईडी को शक है कि घोटाले से जुड़े पैसे के लेन-देन में डीनो मोरिया भी शामिल हो सकते हैं।

जानकारी के अनुसार, घोटाला लगभग ₹65 करोड़ का है। मुंबई पुलिस ने पहले ही इस मामले में 13 लोगों को गिरफ्तार किया है, जिनमें BMC अधिकारी और ठेकेदार भी शामिल हैं। ईडी अब इस मामले में मनी लॉन्ड्रिंग की जाँच कर रही है। आरोप है कि नदी साफ करने वाली मशीनें बहुत ऊँचे दामों पर खरीदी गईं, ताकि कुछ खास ठेकेदारों को फायदा पहुँचाया जा सके।

डीनो मोरिया से पहले मुंबई पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा (EOW) ने उनके और उनके भाई सैंटिनो मोरिया से भी पूछताछ की थी। जाँचकर्ताओं को डीनो मोरिया और एक गिरफ्तार संदिग्ध केतन कदम के बीच लगभग ₹14-18 लाख के संदिग्ध बैंक लेन-देन मिले हैं।

ईडी फिलहाल वित्तीय रिकॉर्ड और अन्य जब्त किए गए सबूतों की जाँच कर रही है और इस मामले में कई अन्य ठेकेदारों और BMC अधिकारियों पर भी कार्रवाई कर रही है।