Tuesday, July 8, 2025

दुपहिया वाहनों पर टोल टैक्स लेने की बात फर्जी, नितिन गडकरी बोले- ऐसी कोई योजना नहीं: मीडिया संस्थानों ने बढ़ा-चढ़ाकर लिखी थी खबर, NHAI ने बताया- फेक न्यूज

भारत सरकार अब नेशनल हाईवे पर आवाजाही करने वाले दुपहिया वाहनों से भी टैक्स वसूलेगी। ये खबर गुरुवार (26 जून 2025) को कुछ मीडिया संस्थानों ने धड़ल्ले से चलाई। लेकिन यह खबर फर्जी निकली। खुद NHAI और सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने इस खबर की फर्जी होने की पुष्टि की।

NHAI ने इस खबर का फैक्ट चैक करते हुए एक्स पर पोस्ट लिखा, “मीडिया में ऐसी खबरें आई हैं कि भारत सरकार दुपहिया वाहनों पर यूजर फीस लगाने की योजना बना रही है।” उन्होंने आगे लिखा, “NHAI यह स्पष्ट करना चाहता है कि ऐसा किसी भी प्रस्ताव पर विचार नहीं किया जा रहा है। दुपहिया वाहनों के लिए टोल शुल्क लगाने की कोई योजना नहीं है।”

वहीं, भारत सरकार में सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने भी फर्जी खबर का खंडन किया। उन्होंने एक्स पर पोस्ट में लिखा, कुछ मीडिया संस्थान दुपहिया वाहनों से टोल वसूली के बारे में भ्रामक खबरें फैला रहे हैं। ऐसा किसी भी प्रस्ताव पर विचार नहीं किया गया है। दुपहिया वाहनों को टोल टैक्स से छूट जारी रहेगी।”